सीमा सड़क संगठन के महानिदेशक का कार्यभार ग्रहण करते हुए, मैं नववर्ष के अवसर पर अपनी
हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करता हूँ। सीमा सड़क संगठन जैसे प्रतिष्ठित संस्थान का नेतृत्व करना मेरे लिए
गौरव का विषय है, जो देश के दूरस्थ एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में महत्वपूर्ण अवसंरचना के निर्माण एवं अनुरक्षण के
माध्यम से निरंतर राष्ट्र सेवा कर रहा है।
सीमा सड़क संगठन राष्ट्र की सेवा में एक विशिष्ट और सम्मानित स्थान रखता है। अत्यंत कठिन
भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण वातावरण में निरंतर प्रयास करते हुए, संगठन ने सदैव संपर्क,
गतिशीलता तथा राष्ट्रीय तैयारी को सुदृढ़ किया है। यह प्रतिष्ठा इसके कार्मिकों की निष्ठा, धैर्य और पेशेवर
प्रतिबद्धता से निर्मित हुई है—अक्सर सार्वजनिक दृष्टि से दूर रहकर, किंतु सदैव राष्ट्रहित में कार्य करते हुए।
सीमा सड़क संगठन की वास्तविक शक्ति किसी एक पद या नियुक्ति में नहीं, बल्कि इसके
अभियंताओं, पर्यवेक्षकों, तकनीकी कर्मियों, प्रशासनिक स्टाफ तथा सहायक कार्मिकों के सामूहिक प्रयास में
निहित है, जो विभिन्न परियोजनाओं और टास्क फोर्सों में कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हैं। प्रत्येक
भूमिका महत्वपूर्ण है और प्रत्येक योगदान संगठन की प्रभावशीलता को सुदृढ़ करता है।
आगे बढ़ते हुए, वे मूल्य जो सीमा सड़क संगठन को निरंतर शक्ति प्रदान करते आए हैं—पेशेवर दक्षता,
अनुशासन, टीमवर्क और दायित्वबोध—हमारे कार्य का आधार बने रहेंगे। चुनौतीपूर्ण वातावरण में कार्य करने
हेतु स्पष्ट सोच, पारस्परिक विश्वास तथा सुरक्षा, गुणवत्ता और समयबद्ध निष्पादन के प्रति साझा
प्रतिबद्धता आवश्यक है।
आने वाले समय में, सीमा सड़क संगठन जमीनी वास्तविकताओं को ध्यान में रखते हुए अपनी
प्रणालियों को और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा क्षेत्र में कार्यरत कार्मिकों को बेहतर सहयोग प्रदान करने की दिशा
में प्रयासरत रहेगा। ये प्रयास सुव्यवस्थित एवं संतुलित रूप से किए जाएंगे, जिसमें सीमा अवसंरचना विकास
से जुड़ी जिम्मेदारियों और चुनौतियों का समुचित ध्यान रखा जाएगा।
सीमा सड़क संगठन सुरक्षा, गुणवत्ता और राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर दृढ़ बना रहेगा।
सामूहिक प्रयास और समर्पण के साथ, संगठन अपनी गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखते हुए उद्देश्य, निष्ठा
और संकल्प के साथ राष्ट्र की सेवा करता रहेगा।
जय हिंद! जय बीआरओ!!
लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह, एवीएसएम, वीएसएम
महानिदेशक सीमा सड़क संगठन
महानिदेशक सीमा सड़क संगठन का संदेश